ऊना। करवाचौथ पर पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश देने के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के फैसले का ऊना में कर्मचारियों ने स्वागत किया है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे नौकरी के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले पुरुष कर्मचारियों को भी परिवार के साथ करवाचौथ मनाने और व्रत से जुड़ी रस्मों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कर्मचारियों ने कहा कि इससे पहले करवाचौथ और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर महिला कर्मचारियों को अवकाश मिलता था, जबकि पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी नहीं होने के कारण परिवार के साथ त्योहार मनाने का अवसर नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहली बार इन अवसरों पर पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश देकर ऐसी पहल की है, जिससे परिवार के सभी सदस्य मिलकर त्योहार की खुशियां मना सकें। कर्मचारियों ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए दिवाली से पहले पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के निर्णय का भी स्वागत किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय-2 ऊना के वाइस प्रिंसिपल सुरेंद्र मोहन ने कहा कि करवाचौथ पर पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश मिलने से परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। पहले पत्नी को खरीदारी करनी होती थी, तो पति के दूर होने के कारण कई बार परेशानी आती थी। अब दोनों साथ जाकर खरीदारी कर सकेंगे और त्योहार की तैयारियों में एक-दूसरे का हाथ बंटा सकेंगे। उन्होंने कहा कि चांद देखने और व्रत खोलने की रस्मों में भी पति-पत्नी साथ रह सकेंगे। नौकरी के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले कर्मचारी भी अब इन पारिवारिक परंपराओं में शामिल होकर अपनों के साथ करवाचौथ की खुशियां मना सकेंगे। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
विकास खंड अंब में एलएसईओ के पद पर कार्यरत शबनम ने कहा कि करवाचौथ पर महिला कर्मचारियों को अवकाश मिलता था, लेकिन पतियों को छुट्टी न होने के कारण कई बार त्योहार साथ मनाने का अवसर नहीं मिल पाता था। पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश देने से परिवारों को साथ त्योहार मनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर भी मुख्यमंत्री ने पुरुष कर्मचारियों को अवकाश दिया था, जिससे भाई-बहन इस त्योहार को हर्षोल्लास से मना सके। उन्होंने करवाचौथ और रक्षाबंधन पर अवकाश देने के साथ दिवाली से पहले पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के फैसले के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।