प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 21,800 करोड़ रुपये की लागत वाली पुणे मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे मेट्रो की लगभग 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए पुणे और महाराष्ट्र की जनता को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब रोजमर्रा की जिंदगी में नई सार्वजनिक सुविधाएं जुड़ती हैं तो त्योहारों की खुशी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने याद दिलाया कि दस वर्ष पहले उन्होंने ही पुणे मेट्रो के पहले चरण की आधारशिला रखी थी। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि हिंजवड़ी से शिवाजीनगर गलियारे के शुरू होने से एक प्रमुख आईटी हब तक बेहतर संपर्क मिलेगा जबकि आज शुरू की गई नई लाइन शहर के पुराने और नए हिस्सों को आपस में और बेहतर तरीके से जोड़ेगी।

प्रधानमंत्री ने पुणे को विचारों का ऐतिहासिक केंद्र बताया जिसने देश और समाज को हमेशा दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि यह शहर अब युवाओं की आकांक्षाओं के केंद्र के रूप में आईटी, ऑटोमोबाइल, औषधि उद्योग, स्टार्टअप, नवाचार और विनिर्माण के क्षेत्रों में ‘विकसित भारत’ की नई ऊर्जा का संचार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ऐसे में मजबूत होती यहां की मेट्रो कनेक्टिविटी, पुणे शहर के विकास को नई गति देने जा रही है।”

प्रधानमंत्री ने बताया, पुणे मेट्रो का विस्तार यह दिखाता है कि आधुनिक शहरों को विकसित भारत के लिए किस तरह तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब शहरों को केवल उद्योगों, खान-पान या स्थानीय उत्पादों जैसे पारंपरिक पैमानों से नहीं आंका जाता, बल्कि उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता और जीवन जीने की सुगमता से परखा जाता है। मेट्रो नेटवर्क इन दोनों को बेहतर बनाता है, जिससे लोगों का यात्रा का समय बचता है और उन्हें काफी सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों का समय बचने से शहरी उत्पादकता बढ़ती है जिससे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में भी तेजी आती है। श्री मोदी ने बल देकर कहा, “और जब अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है, तो गरीबों और मध्यम वर्ग, दोनों को इसका लाभ मिलता है।”

प्रधानमंत्री ने इस अवसर को लोक-हितैषी और सक्रिय शासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इस बात का उल्लेख किया कि विगत 12 वर्षों में भारत का मेट्रो नेटवर्क 26 शहरों में लगभग 1,200 किलोमीटर तक फैल गया है जिससे प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक यात्री लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज भारत का मेट्रो नेटवर्क दुनिया के शीर्ष तीन मेट्रो नेटवर्कों में गिना जाता है।”

प्रधानमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में भी 2014 के बाद से देश जैसा ही बदलाव आया है जब राज्य में केवल 10 से 11 किलोमीटर मेट्रो लाइनें चालू थीं जबकि अब लगभग 175 किलोमीटर मेट्रो लाइनें सेवा में हैं, वहीं 680 किलोमीटर से अधिक पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा, “यह पैसा श्रमिकों की जेब में जा रहा है, इंजीनियरों को काम दे रहा है और दुकानों तथा कारखानों में भी आजीविका के अवसर पैदा कर रहा है।”