दिवाली पर घर पहुंचने के लिए HRTC का बड़ा इंतजाम, 20 स्पेशल बसों का होगा संचालन

शिमला। दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से हिमाचल आने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत, 6 और 7 नवंबर को अतिरिक्त बसें चलाएगा निगम; 14 और 15 नवंबर को वापसी के लिए भी विशेष व्यवस्था

हमीरपुर।

दिवाली पर अपने घर पहुंचने के लिए बसों में सीट पाने की जद्दोजहद कर रहे हिमाचल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के हमीरपुर डिपो ने विशेष बसों के संचालन की तैयारी कर ली है। निगम की ओर से दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी सहित विभिन्न रूटों पर 6 और 7 नवंबर को करीब 20-20 स्पेशल बसों का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ से भी बड़ी संख्या में अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, ताकि त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों को बसों की कमी के कारण परेशान न होना पड़े।

वहीं एचआरटीसी के डिवीजनल मैनेजर राजकुमार पाठक ने बताया कि हिमाचल के सबसे अधिक लोग रोजगार और अन्य कार्यों के सिलसिले में दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में रहते हैं। दिवाली पर इन लोगों का अपने घरों की ओर लौटने का सिलसिला तेज हो जाता है। यात्रियों की इसी बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए निगम ने विशेष बसों की व्यवस्था की है।उन्होंने बताया कि 6 नवंबर को दिल्ली से हमीरपुर डिवीजन के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 20 स्पेशल बसें लगाई गई हैं। इनमें चार बसें हमीरपुर, तीन देहरा, तीन ऊना, दो नालागढ़ और आठ बसें बिलासपुर के लिए संचालित होंगी। इसी तरह 7 नवंबर को भी इन रूटों पर करीब 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इससे दिल्ली में रहने वाले हिमाचल के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

वहीं, चंडीगढ़ से भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 6 नवंबर को चंडीगढ़ से 27 और 7 नवंबर को 24 अतिरिक्त बसें विभिन्न रूटों पर संचालित की जाएंगी। इन बसों के माध्यम से हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, देहरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राहत मिलेगी।डीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि निगम यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दे रहा है। यदि निर्धारित बसों के अलावा भी यात्रियों की अधिक मांग सामने आती है तो अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। अधिकांश स्पेशल बसों के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि यात्रियों को पहले से सीट सुनिश्चित करने में आसानी हो।दिवाली मनाने के बाद वापस दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य क्षेत्रों में जाने वाले लोगों की सुविधा का भी निगम ने विशेष ध्यान रखा है। इसके लिए 14 और 15 नवंबर को वापसी के रूटों पर भी स्पेशल बसों का इंतजाम किया गया है। कुल मिलाकर दिवाली पर घर आने और त्योहार के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों को बसों की किल्लत से बचाने के लिए एचआरटीसी ने कमर कस ली है।