उचित मूल्य की दुकान के आवंटन हेतु 28 नवम्बर तक करें ऑनलाइन आवेदन

कुल्लू : जिला कुल्लू के विकास खंड आनी की ग्राम पंचायत बैहना के स्थान बैहना (वार्ड संख्या-07) में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उचित मूल्य की दुकान के पुनः आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं एवं पात्र व्यक्ति निर्धारित प्रपत्र पर 28 नवम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
     जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, कुल्लू के अनुसार उचित मूल्य की दुकान के आवंटन के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित की गई हैं। प्रथम प्राथमिकता सार्वजनिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक निकायों, जैसे ग्राम पंचायत, स्वयं सहायता समूह, सहकारी सभा तथा महिला मंडल को दी जाएगी।
     द्वितीय प्राथमिकता एकल नारी, विधवा महिला जो अपने बच्चों का स्वयं पालन-पोषण कर रही हो, दिव्यांग व्यक्ति, भूतपूर्व सैनिक तथा ऐसे शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति को दी जाएगी, जिनके परिवार का कोई भी सदस्य नियमित रोजगार में न हो। तृतीय प्राथमिकता हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड को दी जाएगी।
    आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल https://emerginghimachal.hp.gov.in पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण, बेरोजगारी प्रमाण पत्र (जहां लागू हो), दुकान एवं भंडारण क्षमता से संबंधित दस्तावेज, दुकान स्वयं की होने की स्थिति में शपथ पत्र एवं नक्शा तथा किराये पर दुकान लेने की स्थिति में किरायानामा संलग्न करना अनिवार्य होगा।
    इसके अतिरिक्त परिवार के किसी सदस्य के पंचायत राज संस्थाओं अथवा नगर निकायों में निर्वाचित प्रतिनिधि न होने तथा परिवार का कोई सदस्य उचित मूल्य की दुकान का दुकानदार न होने संबंधी प्रमाण पत्र भी संबंधित ग्राम पंचायत सचिव से प्राप्त कर अपलोड करना होगा। आरक्षित श्रेणी से संबंधित आवेदकों को पात्रता प्रमाण पत्र भी संलग्न करना होगा।
    आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। 28 नवम्बर 2026 के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन मान्य नहीं होंगे। निर्धारित तिथि तक सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन करना सुनिश्चित करें।