नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला में 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने राष्ट्रपति मार्कोस को ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टुगेदर’ विषय के तहत आसियान की सफल अध्यक्षता और कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में भारत का समर्थन के लिए बधाई दी।
शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत की आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को महत्व देने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आसियान और भारत को इस क्षेत्र और उससे आगे शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत में विश्वास करता है और इस क्षेत्र का भविष्य सहयोग पर निर्भर करता है, प्रतिस्पर्धा पर नहीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति दृढ़ प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 भारत और आसियान के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि आज की वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच साझा मूल्य, साझा वैश्विक दृष्टिकोण और भारत तथा आसियान के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों ने साझेदारी को एक नया आयाम दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति दी है।
भविष्य में दुनिया के लिए प्रौद्योगिकी के महत्व की ओर संकेत करते हुए, उन्होंने जोर दिया कि भारत और आसियान को केवल तकनीकों के उपभोक्ता नहीं बनना चाहिए, बल्कि दोनों को मिलकर उनका निर्माण करना चाहिए और हमारे लोगों को कौशल प्रदान करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए एक विशेष वर्ष होगा, जब दोनों पक्ष अपने 35 वर्षों के संबंधों और 5 वर्षों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी का जश्न मनाएंगे।
प्रधानमंत्री ने भारत-आसियान संबंधों को मजबूत करने के लिए कई प्रस्ताव सुझाए, जिनमें शामिल हैं:
● कनेक्टिविटी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक सहयोग, समुद्री क्षेत्र जागरूकता और नाविकों की सुरक्षा बढ़ाने पर दीर्घकालिक आसियान-भारत समुद्री सहयोग योजना;
● क्षेत्र में क्षमता विकास के लिए संयुक्त साइबर फोरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम;
● आसियान-भारत परमाणु ऊर्जा तकनीकी आदान-प्रदान;
● आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन;
● खनन और महत्वपूर्ण खनिजों पर आसियान-भारत सहयोग;
● युवा शिखर सम्मेलन, युवा संसदीय आदान-प्रदान और स्टार्ट-अप हैकाथॉन के माध्यम से आसियान-भारत युवा जुड़ाव;
● नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के लिए छात्रवृत्तियों को बढ़ाना;
● वेव्स 2027 में आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन; और
● आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीज़ा।
प्रधानमंत्री मोदी ने शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति का धन्यवाद किया और आसियान के आगामी अध्यक्ष के रूप में सिंगापुर के प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं।
नेताओं ने आपदा प्रबंधन में सहयोग पर आसियान-भारत संयुक्त वक्तव्य को अपनाया [link]. प्रधानमंत्री के उद्घाटन भाषण यहां देखे जा सकते हैं [link].