
*प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिमला ग्रामीण की टीम प्रथम तथा रोहड़ू की टीम द्वितीय स्थान पर रही*
*निबंध प्रतियोगिता के परिणाम मूल्यांकन के उपरांत किए जाएंगे घोषित*
*विजेता विद्यार्थियों को आगामी दिनों में जिला निर्वाचन अधिकारी, शिमला द्वारा किया जाएगा सम्मानित*
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप युवाओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय, शिमला द्वारा आज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, राजकीय महाविद्यालय संजौली में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के अंतर्गत जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में जिला शिमला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों से जुड़े विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की टीम द्वितीय स्थान पर रही। अन्य विधानसभा क्षेत्रों से आई टीमों ने भी निर्वाचन संबंधी विषयों पर अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान मतदाता सूची की तैयारी एवं पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वीवीपैट (VVPAT), मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने इन प्रश्नों के माध्यम से निर्वाचन प्रणाली के प्रति अपनी समझ, जागरूकता तथा तार्किक क्षमता का परिचय दिया।
इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के महत्व, मतदान के प्रति जागरूकता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया। निबंध प्रतियोगिता में प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्धारित मानदंडों के अनुसार किया जाएगा तथा मूल्यांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को आगामी दिनों में जिला मुख्यालय, शिमला में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, शिमला द्वारा मेरिट एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य में भी निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में उपनिदेशक, उच्च शिक्षा की ओर से उनके प्रतिनिधि श्री दयानंद आजाद ने भी भाग लिया।
राजकीय महाविद्यालय संजौली के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) की नोडल अधिकारी एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. पूनम चंदेल तथा श्रीमती नमिता सी. खागटा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों ईएलसी नोडल अधिकारियों ने महाविद्यालय के ईएलसी सदस्य विद्यार्थियों के सहयोग से प्रतियोगिता की तैयारियों, प्रतिभागियों के समन्वय, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा विभिन्न गतिविधियों के सुचारु संचालन में सक्रिय योगदान दिया। महाविद्यालय के ईएलसी सदस्यों ने भी आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
सभी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन, प्रतिभागियों के समन्वय तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला निर्वाचन कार्यालय, शिमला तथा राजकीय महाविद्यालय संजौली के बीच बेहतर समन्वय रहा। महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के सदस्य विद्यार्थियों के सक्रिय सहयोग से प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब भारत निर्वाचन आयोग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य भावी एवं युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी ज्ञान बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, तार्किक क्षमता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका समझने तथा भविष्य में जागरूक मतदाता के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के माध्यम से ‘जागरूक मतदाता, सशक्त लोकतंत्र’ का संदेश दिया गया तथा युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता के आयोजन एवं मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया था, जिसमें श्री लेखराज भारद्वाज, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा, शिमला एवं जिला ईएलसी नोडल अधिकारी-सह-समग्र प्रभारी, डॉ. कामायनी बिष्ट, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय संजौली, डॉ. हर्षवर्धन खेमटा, अंग्रेजी विभाग तथा डॉ. सत्यनारायण स्नेही, हिंदी विभाग, राजकीय महाविद्यालय संजौली शामिल थे। जिला निर्वाचन कार्यालय, शिमला की ओर से श्रीमती राखी पुंडीर, नायब तहसीलदार (निर्वाचन), श्री देविंदर सिंह, नायब तहसीलदार (निर्वाचन), श्री हरनाम सिंह, नायब तहसीलदार (निर्वाचन) तथा श्रीमती कांता ठाकुर, अधीक्षक, जिला निर्वाचन कार्यालय, शिमला सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।