शिमला की वादियों में इस बार सिर्फ सैर-सपाटा नहीं: आसमान में उड़ान, सड़कों पर साइक्लिंग और रिज मैदान पर पर्यटन कारोबार का रोमांच देखने को मिलेगा

 

26 नवंबर से शुरू होगा फ्लाइंग फेस्टिवल

जुन्गा से रिज मैदान तक दिखेगा रोमांच और कारोबार का संगम

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान दिलाने और शिमला के पर्यटन दायरे को शहर और कुफरी से आगे बढ़ाकर नए पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चौथे शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2026 का आयोजन किया जा रहा है। 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में एडवेंचर टूरिज्म, पैराग्लाइडिंग, साइक्लिंग और पर्यटन कारोबार से जुड़ी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिमाचल को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना और पर्यटन क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसर पैदा करना है।

इस बार आयोजन की शुरुआत 26 से 28 नवंबर तक जुन्गा स्थित द ग्लाइड इन में होने वाले शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल से होगी। इसका उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री करेंगे। इस दौरान पैराग्लाइडिंग और हवाई एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को रोमांच का अनुभव करवाया जाएगा। खास बात यह है कि पर्यटकों को मात्र 500 रुपये में टैंडम पैराग्लाइडिंग का विशेष अनुभव उपलब्ध करवाने की योजना है।

जुन्गा को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर

द ग्लाइड इन जुन्गा, शिमला के CEO अरुण रावत का कहना है कि इस आयोजन के पीछे मुख्य उद्देश्य शिमला आने वाले पर्यटकों का ध्यान शहर और कुफरी के अलावा जुन्गा की ओर आकर्षित करना है। अक्सर पर्यटक शिमला शहर और कुफरी तक ही सीमित रह जाते हैं, जबकि आसपास के क्षेत्रों में भी पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उनका प्रयास है कि पर्यटक जुन्गा तक पहुंचें और यहां उन्हें दुनिया के बेहतरीन एडवेंचर अनुभवों में शामिल होने का अवसर मिले। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों और कारोबारियों के लिए भी रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा होंगे।

29 नवंबर को 30 किलोमीटर की साइक्लोथॉन

फ्लाइंग फेस्टिवल के बाद 29 नवंबर को ‘व्हील्स टू विंग्स’ नाम से 30 किलोमीटर की साइक्लोथॉन आयोजित की जाएगी। इसका उद्घाटन हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी अशोक तिवारी करेंगे। साइक्लोथॉन द ग्लाइड इन जुन्गा से शुरू होकर जुन्गा, कोटी और अश्वनी ब्रिज के खूबसूरत मार्ग से गुजरते हुए वापस द ग्लाइड इन में संपन्न होगी। इस आयोजन के माध्यम से फिटनेस, साहसिक गतिविधियों और स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

रिज मैदान पर लगेगा हॉस्पिटैलिटी एक्सपो

आयोजन का तीसरा और महत्वपूर्ण हिस्सा 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक रिज मैदान पर आयोजित होने वाला हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2026 होगा। इसका उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल करेंगे। इसमें होटल, होमस्टे, टूर ऑपरेटर, एडवेंचर स्पोर्ट्स कंपनियां, इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता, रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े व्यवसाय, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप और एमएसएमई क्षेत्र के उद्यमी अपने उत्पादों, सेवाओं और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।

भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो में कारोबारियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने, नए ग्राहकों से जुड़ने, नेटवर्किंग करने और व्यापार विस्तार के अवसर तलाशने का मंच मिलेगा।

पर्यटन और स्थानीय कारोबार को जोड़ने की पहल

आयोजकों के अनुसार इस आयोजन को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग, एमएसएमई विभाग और जिला प्रशासन शिमला का सहयोग प्राप्त है। आयोजन का उद्देश्य केवल एडवेंचर गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटन, स्थानीय कारोबार, उद्यमियों, निवेशकों और पर्यटकों को एक साझा मंच पर लाना भी है। हिमाचल में एडवेंचर स्पोर्ट्स, अनुभव आधारित पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और नए उद्योगों की संभावनाओं को देखते हुए इस तरह के आयोजन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि फ्लाइंग फेस्टिवल और हॉस्पिटैलिटी एक्सपो के जरिए शिमला पर्यटन को कितनी नई पहचान मिलती है और क्या पर्यटक शिमला शहर और कुफरी से आगे जुन्गा जैसे नए पर्यटन स्थलों की ओर भी आकर्षित होते हैं।