
शिमला। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक विकास के पथ पर प्रतिबद्धता के साथ अग्रसर है।
राज्यपाल ने वृंदावन में श्री दयाराम बद्री केदार उत्तराखंड आश्रम का लोकार्पण करने के उपरांत आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शक सिद्धांत ‘विरासत के साथ विकास’ एक ऐसे आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की परिकल्पना को दर्शाता है, जो अपनी सभ्यतागत जड़ों से जुड़ा रहे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। इसके तहत आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम के विकास और केदारनाथ के पुनर्निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये पहल राष्ट्रीय प्रगति के साथ-साथ भारत की आध्यात्मिक विरासत को दिए जा रहे महत्व को रेखांकित कर रही है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और करुणा, सेवा तथा सद्भाव जैसे शाश्वत मूल्यों में समाहित हैं।
भगवान श्री कृष्ण की पावन भूमि वृंदावन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पवित्र धरा प्रेम, भक्ति और निःस्वार्थ सेवा के आदर्शों से करोड़ों श्रद्धालुओं को निरंतर प्रेरित करती है।
राज्यपाल ने परम पूज्य श्री कमलनयन जी महाराज के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और समर्पित प्रयासों के फलस्वरूप इस आश्रम की स्थापना संभव हुई है। उन्होंने इस पुनीत कार्य से जुड़े आयोजकों, दानकर्ताओं और अन्य सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि आश्रम केवल एक अधोसंरचना नहीं है, बल्कि यह आस्था, संस्कार, सेवा और मानवता का जीवंत केंद्र होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान आध्यात्मिक शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दोनों ही राज्य देवभूमि के रूप में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह आश्रम भारत की आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और सुदृढ़ करता है।
उन्होंने युवा पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ युवाओं में आधुनिक शिक्षा, तकनीक और राष्ट्रीय दायित्वों के भाव विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
राज्यपाल ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा प्रमुख तीर्थस्थलों पर आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
राज्यपाल ने गौ-संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आश्रम में गुरुकुल शिक्षा, संस्कृत अध्ययन, आध्यात्मिक प्रवचनों तथा पारंपरिक भारतीय ज्ञान परंपराओं को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थानों को सामाजिक समरसता, करुणा और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देना चाहिए।