शिमला। नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज और सख्त हो रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुख्ता सूचनाएं जुटाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा चिन्हित ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी जा रही है।
इसी अभियान के तहत आज तड़के थाना ठियोग क्षेत्र के गांव बहानी में शिमला पुलिस ने एक बड़ी और समन्वित कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर रणनीति तैयार कर तीन अलग-अलग घरों में एक साथ रेड की। अचानक की गई इस कार्रवाई में तीनों ठिकानों से कुल 8 किलोग्राम चरस बरामद की गई तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहले ठिकाने से श्याम सिंह पुत्र स्व. हीरा सिंह के घर की तलाशी के दौरान 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे ठिकाने से लक्ष्मी नंद पुत्र स्व. हेत राम के घर से लगभग 900 ग्राम चरस बरामद की गई। तीसरे ठिकाने से हरि वल्लभ पुत्र स्व. दिला राम के घर से 5.5 किलोग्राम चरस, ₹1,05,690 नकद तथा एक वजन मशीन बरामद की गई।
इस कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके विरुद्ध पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 179/26, 180/26 एवं 181/26, दिनांक 22.11.2026, धारा 20 ND&PS Act के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
शिमला पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों और उनके ठिकानों को चिन्हित कर लगातार दबिश दी जा रही है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। तीनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है।
नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की सख्त कार्रवाई के तहत वर्ष 2026 में अब तक 27 कमर्शियल मात्रा के मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि वर्ष 2025 में 6, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में 6 ऐसे मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2026 में पुलिस ने अपनी रणनीती में बदलाव करते हुए बड़े नशा तस्करों पर प्रहार किया और सुनियोजित तरीके से उनके द्वारा बड़ी बड़ी कमर्शियल मात्रा की नशा तस्करी को सफलतापूर्वक पकड़ा गया। जो इस वर्ष दर्ज मामले पिछले तीन वर्षों (2023–2025) के कुल 26 मामलों से भी अधिक हैं।जो यह साबित करता है कि शिमला पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा बड़े नशा तस्करों और उनके नेटवर्कों को डिस्मेंटल किया है जिससे शिमला के युवाओं में चिट्ठा की सप्लाई में भारी कमी हुई है और समाज से चिट्ठे के खात्मे में अभूतपूर्व सफलता मिल रही है।