सोलन। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती को समर्पित भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा सोमवार को विभिन्न राज्यों से होते हुए हिमाचल प्रदेश पहुंची। प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद सोलन जिला के कुमारहट्टी में भी यात्रा के स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कुमारहट्टी से यह यात्रा सिरमौर जिला के लिए रवाना हुई। इस दौरान राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समरसता, सामाजिक सद्भावना और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से लोगों को संत रविदास जी के विचारों और उपदेशों से अवगत करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से होते हुए यह यात्रा हिमाचल प्रदेश पहुंची है और सोमवार को सिरमौर जिला से होते हुए उत्तराखंड के लिए रवाना होगी। उन्होंने दावा किया कि यात्रा को समाज के सभी वर्गों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और सद्भावना के माध्यम से ही एक सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।