आगरा में जल जीवन मिशन 2.0 पर दूसरा क्षेत्रीय सम्मेलन संपन्न; स्थायित्व, सामुदायिक स्वामित्व और ग्राम पंचायत-नेतृत्व वाले जल शासन पर जोर दिया गया

नई दिल्ली। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस ) जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘जल जीवन मिशन 2.0’ पर दूसरा क्षेत्रीय सम्मेलन आज आगरा, उत्तर प्रदेश में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में सात उत्तरी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहाँ ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणालियों के कार्यान्वयन में तेजी लाने, स्थायित्व को मजबूत करने और दीर्घकालिक कार्यक्षमता सुनिश्चित करने की प्रमुख रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन के हिस्से के रूप में, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस), जल शक्ति मंत्रालय के सचिव श्री अशोक के. के. मीणा ने आज ग्रामीण पेयजल आपूर्ति बुनियादी ढांचे का दौरा किया और बघेरा (भदैरा) जल आपूर्ति योजना तथा 456 एमएलडी डब्ल्यूटीपी, एटा में ‘जल अर्पण दिवस’ समारोह में भाग लिया।

समापन सत्र में, सचिव (डीडीडब्ल्यूएस) ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्रीय सम्मेलन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जल जीवन मिशन 2.0 के तहत परिकल्पित सुधारों की एक समान समझ विकसित करने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है। दिन के दौरान किए गए क्षेत्रीय दौरों का संदर्भ देते हुए, उन्होंने उत्तर प्रदेश में देखी गई नवीन प्रथाओं को रेखांकित किया, जिसमें ग्रामीण जल आपूर्ति योजनाओं के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग और जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे की निगरानी व संचालन के लिए ‘कमांड-एंड-कंट्रोल’ सिस्टम शामिल हैं। उन्होंने राज्यों को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए ऐसी प्रथाओं का अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ग्रामीण पेयजल सेवा वितरण को मौलिक रूप से एक स्थानीय सेवा बताते हुए, श्री मीणा ने ग्राम पंचायतों और स्थानीय समुदायों द्वारा जल आपूर्ति संपत्तियों के स्वामित्व को मजबूत करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ‘जल अर्पण’ समुदायों को पेयजल बुनियादी ढांचे की जिम्मेदारी और स्वामित्व सौंपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निरंतर सेवा वितरण के लिए ग्राम पंचायतों की वित्तीय, तकनीकी और संस्थागत क्षमताओं का निर्माण करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ प्रभावी प्रबंधन, नियमित जल गुणवत्ता निगरानी और सामुदायिक भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने परिचालन और रखरखाव को मजबूत करने, स्थानीय क्षमताओं का निर्माण करने और ‘जल संचय जन भागीदारी’ जैसी पहलों के माध्यम से जल स्रोतों के स्थायित्व को बढ़ावा देने के लिए पंचायती राज, ग्रामीण विकास, कौशल विकास और पेयजल विभागों के बीच अभिसरण की आवश्यकता को दोहराया। उन्होंने राज्यों से आह्वान किया कि वे ‘विकसित गांव’ और ‘विकसित भारत’ की नींव के रूप में ग्राम पंचायतों को मजबूत करते हुए टिकाऊ, समुदाय-स्वामित्व वाली और कुशलतापूर्वक प्रबंधित ग्रामीण पेयजल प्रणालियों की ओर बढ़ें।

कमल किशोर सोएन, अपर सचिव एवं मिशन निदेशक (एएस एंड एमडी ), राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (एनजीएम) ने सभी पेयजल आपूर्ति बुनियादी ढांचे की डिजिटल मैपिंग का आह्वान किया और क्षमता निर्माण तथा ग्राम पंचायत के नेतृत्व वाले जल शासन को मजबूत करने के लिए मौजूदा संस्थागत मंचों का लाभ उठाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सूचित किया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत मौजूदा क्षमता-निर्माण ढांचे के साथ स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम-जी ) के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रमों को संरेखित  करने के लिए डीडीडब्ल्यूएस और पंचायती राज मंत्रालय द्वारा एक संयुक्त पहल शुरू की गई है।