शिमला, 12 दिसम्बर । हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू कैबिनेट में पहला विस्तार हुआ है। एक साल बाद सुक्खू मंत्रिमंडल में दो चेहरों ने शपथ ली। खास बात यह है कि मंत्री बने दो चेहरे इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के हैं। दोनों बीटेक और एमबीए की डिग्री धारक हैं। बिलासपुर जिला के घुमारवीं से राजेश धर्माणी और कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर से यादवेंद्र गोमा को कैबिनेट में जगह दी गई है। दोनों को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार अपरान्ह राजभवन में आयोजित सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उनके कैबिनेट सहयोगियों समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। नए मंत्रियों में सबसे पहले राजेश धर्मानी और उसके बाद यादवेंद्र गोमा ने शपथ ली। सुक्खू कैबिनेट में अब 9 मंत्री हो गए हैं। मंत्री का एक पद अब भी खाली है।
जानिए शपथ लेने वाले मंत्रियों के बारे में—
राजेश धर्माणी-51 वर्षीय राजेश धर्माणी बिलासपुर जिला से एकमात्र कांग्रेस विधायक हैं। वह तीन बार के विधायक हैं और पहली बार मंत्री पद से नवाजे गए हैं। राजेश धर्मानी स्वच्छ छवि के राजनीतिज्ञ हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। एनआईटी हमीरपुर से बीटैक राजेश धर्मानी ने इग्नो से एमबीए की भी डिग्री हासिल की है। उनके परिवार में पत्नी व एक बेटी है। राजेश धर्माणी कांग्रेस संगठन में अहम पदों पर रहे हैं। वह एआईसीसी में सचिव के अलावा उतराखंड के विधानसभा चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। राजेश धर्माणी का सफर संघर्षपूर्ण रहा है। उन्होंने अपनी ईमानदार छवि के लिए जनता के बीच पहचान कायम की है। उन्होंने पहला चुनाव 2007 में जीता और उसके बाद 2012 के चुनाव में भी विजयी होकर जनता की सेवा की। हालांकि 2017 के विस चुनाव में वह हार गए थे। लेकिन इस बार जनता ने उन्हें फिर से जीताकर विधानसभा भेजा है।
राजेश धर्माणी ने 2012 का चुनाव जीतने के बाद घुमारवीं क्षेत्र में विकास की बयार बहाई थी। शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ -साथ अन्य विकासात्मक योजनाओं पर ध्यान क्रेद्रित किया था। वह एक स्वयंसेवी संस्था संवेदना के फाउंडर मैंबर भी हैं। यह संस्था गरीब बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाती है। इसके अलावा विधवाओं व उनके बच्चों को भी आर्थिक मदद प्रदान करती है।
यादवेंद्र गोमा-यादवेंद्र गोमा को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता मिल्खी राम गोमा भी विधायक रहे हैं। 37 वर्षीय यादवेंद्र गोमा का जन्म पालमपुर में हुआ। वह भी इंजीनियर हैं। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटैक हैं। इसके बाद उन्होंने एमबीए की डिग्री ली। उनकी एक बेटी है। उनके राजनीतिक सफर की शुरूआत युवा कांग्रेस से हुई। यादवेंद्र गोमा वर्ष 2010 से 2015 तक जयसिंहपुर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। इसके अलावा वह राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के महासचिव भी रहे। वर्ष 2019 से 2021 तक वह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस एससी सैल के अध्यक्ष रहे। यादवेंद्र गोमा 2012 के विस चुनाव में पहली बार विधायक बन कर विधानसभा पहुंचे। तब उनकी आयु महज 26 वर्ष थी और वह सबसे युवा विधायक थे।
सुक्खु ने कैबिनेट विस्तार से साधा जातीय और क्षेत्रीय संतुलन
सीएम सुक्खू ने कैबिनेट विस्तार में दो मंत्री बनाकर जातीय संतुलन के साथ क्षेत्रीय संतुलन भी साधने की कोशिश की है, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका फायदा मिल सके। राजेश धर्माणी को कैबिनेट में लेकर ब्राह्मण समुदाय में तरजीह मिली है। अब सुक्खू कैबिनेट में ब्राह्मण समुदाय से दो लोगों को प्रतिनिधित्व मिल गया है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी ब्राह्मण हैं। वहीं यादविंदर गोमा को मंत्री बनाकर अनुसूचित जाति को तरजीह दी गई है। अभी ध सुक्खू कैबिनेट में शामिल धनीराम शांडिल भी अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। वहीं क्षेत्रीय संतुलन की बात करें तो कैबिनेट विस्तार में हमीरपुर और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों को तवज़्ज़ो मिली है। धर्माणी के मंत्री बनने से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र सियासी तौर पर मजबूत होगी। सीएम और डिप्टी सीएम भी इसी संसदीय क्षेत्र से हैं। वर्तमान में यहां से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सांसद हैं। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को यादविंदर गोमा के रूप में दूसरा मंत्री मिला है। कांगड़ा जिला से लंबे समय से मंत्री बनाने की बात उठ रही थी। अभी कांगड़ा से चन्द्र कुमार कृषि मंत्री और चम्बा जिला से कुलदीप पठानिया विधायक स्पीकर हैं।