राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगी शिमला

शिमला, 18 अप्रैल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (मंगलवार) राजधानी शिमला के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। वह राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार शिमला आ रही हैं।  राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मंगलवार दोपहर शिमला के कल्याणी हेलिपैड पर राष्ट्रपति हेलिकाप्टर से उतरेंगी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उनकी अगवानी करेंगे। यहां से उनका काफिला सीधे राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास रिट्रीट मशोबरा जाएगा। शाम 6:00 बजे राजभवन शिमला में राष्ट्रपति का अभिनंदन समारोह होगा। दूसरे दिन 19 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और लेखा परीक्षक के प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में राष्ट्रपति शामिल होंगी। 20 अप्रैल को राष्ट्रपति इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी का भी दौरा करेंगी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी की भव्य बिल्डिंग पहले राष्ट्रपति निवास हुआ करती थी। देश के दूसरे राष्ट्रपति प्रो. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने इस भवन के बेहतर इस्तेमाल के लिए इसे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज को दे दिया था। इसी दिन शाम को रिट्रीट में एट होम का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। 21 अप्रैल को दोपहर बाद राष्ट्रपति शिमला से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के चलते कैनेडी चौक से लेकर बालूगंज तक सडक़ पर यातायात 19 अप्रैल को प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी आदित्य नेगी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार सुबह 10 से लेकर सायं 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए यातायात बंद रहेगा। आपातकाल वाहनों पर ये नियम लागू नहीं होंगे।