शिमला। प्रदेश कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को उनके नई जिम्मेदारी के लिये बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पूर्व की भांति संगठन एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगा और प्रदेश में कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी।
प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय आला कमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जो जिम्मेदारी दी गई थी उसे उन्होंने पूरी कर्तव्य निष्ठा से निभाया और आगे भी जो जिम्मेदारी उन्हें आलाकमान देता है उसे भी वह पूरी ईमानदारी से पूरा करेंगी।
प्रतिभा सिंह ने उनके कार्यकाल में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के दिये सहयोग पर उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके सहयोग से ही प्रदेश में आज एक मजबूत संगठन है और उन्ही के अथक परिश्रम व प्रयासों से प्रदेश में कांग्रेस की एक मजबूत सरकार बनी है। इसके लिए वह सब बधाई के पात्र है।
प्रतिभा सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की मजबूती के लिये वह नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के साथ मिल कर संगठन व कांग्रेस सरकार की मजबूती के लिए एकजुटता के साथ कार्य करेंगी।