हमीरपुर. कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के अंतर्गत पंचायत स्तरीय जागरूकता अभियान का भोरंज विधानसभा क्षेत्र की अम्मन पंचायत में आयोजन किया गया I कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुमन भारती और संयोजकता मनरेगा बचाओ संग्राम कार्यक्रम के भोरंज विधानसभा के प्रभारी डॉ चंदन राणा ने की।
संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम देश के गरीब, मजदूर, किसान और ग्रामीण बेरोजगार युवाओं के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि जीवन रेखा है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है।
डॉ चंदन राणा ने कहा कि चुनाव के समय “सबका साथ, सबका विकास” का नारा देने वाली सरकार सत्ता में आते ही गरीब-विरोधी, मजदूर-विरोधी और किसान-विरोधी नीतियाँ लागू कर रही है। मनरेगा बचाओ संग्राम केवल आंदोलन नहीं, बल्कि गरीबों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। मनरेगा ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संजीवनी देता है और कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देगी।