भाजपा को मिला युवा व ऊर्जावान राष्ट्रीय नेतृत्व, साधारण कार्यकर्ता से शीर्ष तक का मार्ग भाजपा की पहचान : संजीव कटवाल

जगत प्रकाश नड्डा के ऐतिहासिक कार्यकाल ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया

शिमला।  भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को एक युवा, ऊर्जावान और संगठनात्मक रूप से सशक्त नेतृत्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां बड़े पदों और बड़ी जिम्मेदारियों के लिए किसी परिवार विशेष से होना आवश्यक नहीं है। यहां साधारण कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ी योग्यता है और इसी संगठन में सामान्य परिवार का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है तथा साधारण कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे दायित्व तक पहुंच सकता है।
संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा ने सदैव युवा शक्ति पर भरोसा किया है, जो संगठन की संरचना, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व निर्माण में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन का युवा नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी को और अधिक मजबूत करेगा तथा विकसित भारत के संकल्प को नई गति देगा।
प्रदेश महामंत्री ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनके सफल, सशक्त और ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि नड्डा के अध्यक्षीय कार्यकाल में जहां भाजपा संगठन का अभूतपूर्व विस्तार हुआ, वहीं अनेक राज्यों में पार्टी ने सरकारें बनाकर जनादेश प्राप्त किया। यह उनकी दूरदर्शिता, संगठनात्मक कुशलता और समर्पित नेतृत्व का परिणाम है।
संजीव कटवाल ने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा संगठन ने नई ऊंचाइयों को छुआ और सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया। इसके लिए पूरा भाजपा परिवार उनके प्रति कृतज्ञ है और उनके योगदान का कोटि-कोटि अभिनंदन करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *