शिमला। राज्य सचिवालय शिमला में विधायक प्राथमिकता बैठक के पहले दिन पहले चरण में ऊना, हमीरपुर और सिरमौर के विधायकों ने बैठक में हिस्सा लिया. इस दौरान बैठक में शामिल हुए भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है. सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के चलते फाइनेंशियल क्रंच की स्थिति पैदा हो गई है. सतपाल सत्ती ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विपक्ष के विधायकों को अनदेखा कर रही है और प्रदेश में विकास ठप हो गया है.
ऊना से भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि विधायकों की प्राथमिकता वाले कामों की डीपीआर ठीक तरह से नहीं बनाई जा रही है. इसके अलावा पहली बार विधायक क्षेत्र विकास निधि भी बंद कर दी गई. एक साल में अब तक केवल दो किस्तें जारी की गई है. इसके अलावा विधायक ऐच्छिक निधि भी नहीं दी जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में विकास पूरी तरह ठप हो गया है. विधायक काम नहीं कर पा रहे हैं. सत्ती ने कहा कि राज्य सरकार के पास पैसा न होने का परमानेंट बहाना है. पेमैंट न होने के कारण ठेकेदारों ने तैयार भवनों को राज्य सरकार को सौंपने से इनकार कर दिया है. कांग्रेस के विधायकों ने भी विकास कार्य न हो पाने की बात बैठक में रखी है. सत्ती ने कहा कि इन सभी बातों को उन्होंने बैठक में रखा है.