नई दिल्ली। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 एक्सपो के पांचवें दिन भी भारी भीड़ उमड़ी और एक्सपो के 10 पैवेलियन में सैकड़ों लोगों का तांता लगा रहा। विशेष रूप से युवाओं को विभिन्न स्टालों पर उत्साहपूर्वक संवाद करते देखा गया। यहाँ कुछ प्रदर्शकों की झलकियां दी गई हैं:
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने अपने इंटरैक्टिव प्रदर्शनों के साथ आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया, जो भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी नवाचार नीतियों को आगे बढ़ाने में इसकी भूमिका को उजागर करते हैं।

ज्ञान भारतम में जबरदस्त भागीदारी देखी गई, जहाँ एक करोड़ से अधिक पांडुलिपियों को डिजिटल बनाने और एक मजबूत डिजिटल रिपॉजिटरी के माध्यम से भारत की ज्ञान विरासत को सुरक्षित रखने के अपने मिशन का प्रदर्शन किया गया।

सर्वम एआई ने स्थानीय भाषाओं, उद्यमों और सार्वजनिक क्षेत्र के अनुप्रयोगों के लिए बनाए गए अपने भारत-केंद्रित मौलिक एआई मॉडल के लाइव प्रदर्शन के माध्यम से उत्सुक दर्शकों को अपनी ओर खींचा।

भारतजीपीटी ने भारत के विविध भाषाई और डिजिटल परिदृश्य के अनुरूप तैयार किए गए बहुभाषी एआई मॉडल प्रस्तुत करके उत्साही भागीदारी हासिल की।

वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर ने एवीजीसी-एक्सआर (एनिमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी) क्षेत्र में एआई के लिए एक इंटरैक्टिव इनोवेशन हब के रूप में कार्य किया, जिसमें 51 स्टार्टअप शामिल हुए और मीडिया, रचनात्मक प्रौद्योगिकियों एवं इमर्सिव मनोरंजन में वास्तविक समय के एआई अनुप्रयोगों का प्रदर्शन किया गया।