शिमला में आग से कबाड़ का स्टोर जला, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां भी चपेट में आईं

शिमला। राजधानी शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत हीरानगर के पास शडोग गांव में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते सड़क किनारे बने एक कबाड़ के स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से वहां रखा पूरा कबाड़ जलकर राख हो गया, जबकि आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले जंगल की ओर लगी थी और तेज हवा के कारण धीरे-धीरे फैलते हुए सड़क किनारे बने कबाड़ के स्टोर तक पहुंच गई। स्टोर में बड़ी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से भड़क गई। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में रहने वाले लोग घबरा गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका। इस क्षेत्र में आसपास रिहायशी मकान भी मौजूद हैं, इसलिए समय रहते आग पर काबू पाना बेहद जरूरी था।
दमकल विभाग के अनुसार आग की चपेट में आकर कबाड़ के स्टोर का अधिकतर सामान जल गया है। इसके अलावा सड़क किनारे पार्क की गई कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि दमकल कर्मियों की समय पर कार्रवाई के कारण आग आसपास के घरों तक नहीं पहुंच पाई और एक बड़ा हादसा टल गया।
बालूगंज स्थित अग्निशमन केंद्र के अधिकारी गोपाल दास ने बताया कि दमकल विभाग की टीम अभी भी मौके पर मौजूद है और पूरी तरह से आग बुझाने का कार्य जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आग संभवतः जंगल में लगी फॉरेस्ट फायर से फैलते हुए कबाड़ के स्टोर तक पहुंची।
दमकल विभाग के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन उनकी टीम ने समय रहते कार्रवाई कर आसपास की करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचा लिया। इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *