पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने हाथी और रेल के बीच होने वाले हादसों की चुनौती से निपटने के लिए 2 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया

शिमला। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के प्रोजेक्ट एलिफेंट डिविजन ने भारतीय वन्यजीव संस्थान के सहयोग से 10-11 मार्च 2026 को देहरादून स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्‍लूयआईआई) में “रेल पटरियों पर हाथियों की मृत्यु दर को कम करने के लिए नीति कार्यान्वयन” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के प्रोजेक्ट एलिफेंट डिविजन, रेल मंत्रालय, हाथी-बहुल राज्यों के वन विभागों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और प्रमुख संरक्षण वैज्ञानिकों सहित 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिन प्रमुख रेलवे क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया गया उनमें पूर्वी मध्य रेलवे, पूर्वी तट रेलवे, उत्तर पूर्वी रेलवे, उत्तर पूर्वी सीमांत रेलवे, उत्तरी रेलवे, दक्षिण पूर्वी रेलवे, दक्षिणी रेलवे और दक्षिण पश्चिमी रेलवे शामिल थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001F2WT.jpg

भारत में वैश्विक एशियाई हाथी आबादी का 60% से अधिक हिस्सा है, जिनके प्रमुख आवास पूर्वी, उत्तरपूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में फैले हुए हैं। हालांकि, आवासों के विखंडन और हाथियों के आवासों के ऊपर रेलवे अवसंरचना के विस्तार के कारण विशेष रूप से असम, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरलम, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों में रेल पटरियों पर हाथियों की मृत्यु दर में वृद्धि हुई है। कार्यशाला का उद्देश्य संरक्षण और अवसंरचना क्षेत्रों के बीच समन्वय को मजबूत करना और विज्ञान आधारित शमन रणनीतियों को बढ़ावा देना था।

रेलवे पटरियों पर वन्यजीवों की बढ़ती मृत्यु दर से निपटने के प्रयास में, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने डब्‍लूयआईआई और रेल मंत्रालय के साथ साझेदारी में, हाथियों के आवासों में 110 संवेदनशील रेलवे खंडों और बाघों के आवास वाले दो राज्यों में 17 अतिरिक्त खंडों की पहचान की गई।

प्रोजेक्ट एलिफेंट, डब्ल्यूआईआई, राज्य वन विभागों और भारतीय रेलवे की टीमों ने व्यापक संयुक्त क्षेत्र सर्वेक्षणों में विशिष्ट स्थलों की पारिस्थितिक स्थितियों का मूल्यांकन किया और प्रत्येक स्थान के अनुरूप लक्षित शमन उपायों का प्रस्ताव रखा। 3,452.4 किमी में फैले 127 रेलवे खंडों के विस्तृत आकलन के आधार पर, वन्यजीवों की आवाजाही के पैटर्न और पशु मृत्यु दर के जोखिम को ध्यान में रखते हुए, 14 राज्यों में फैले 1,965.2 किमी के 77 खंडों को शमन के लिए प्राथमिकता दी गई।

इन प्राथमिकता वाले हिस्सों के लिए अनुशंसित शमन पैकेज में 503 रैंप और लेवल क्रॉसिंग, 72 पुलों का विस्तार और संशोधन, 39 बाड़ या खाई संरचनाएं, 4 निकास रैंप, 65 नए अंडरपास और 22 ओवरपास शामिल हैं, जो कुल मिलाकर 705 शमन संरचनाओं के बराबर हैं जिन्हें वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

इन सक्रिय उपायों के अलावा, कई नई रेलवे लाइनों और विस्तार परियोजनाओं– जिनमें पटरियों को दोहरी और तिहरी करना शामिल है– में वन्यजीवों के अनुकूल बुनियादी ढांचा शामिल किया गया है। उल्लेखनीय उदाहरणों में छत्तीसगढ़ में अचानकमार-अमरकंटक हाथी गलियारे से गुजरने वाली गेवरा रोड-पेंड्रा रोड रेलवे लाइन; महाराष्ट्र में दरेकासा-सालेकासा रेलवे ट्रैक को तिहरी करने की परियोजना और नागभिड़-इतवारी गेज रूपांतरण परियोजना तथा महाराष्ट्र में कान्हा-नावेगांव-ताडोबा-इंद्रावती बाघ गलियारे को पार करने वाली वाडसा-गडचिरोली रेलवे लाइन शामिल हैं।

असम में अजारा-कामाख्या रेलवे लाइन के 3.5 किलोमीटर लंबे संवेदनशील हिस्से पर एक महत्वपूर्ण परियोजना की योजना बनाई जा रही है। यह हिस्सा रानी-गरभंगा-दीपोर बील हाथी गलियारे को काटता है, जहां अतीत में कई हाथियों की मौत हो चुकी है। इस खंड को ऊंचा किया जाएगा ताकि गलियारे के पार हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00275JE.jpg

वन्यजीवों और ट्रेनों के बीच टक्कर को रोकने के लिए कई तकनीकी समाधानों का परीक्षण और कार्यान्वयन किया जा रहा है। एक उल्लेखनीय नवाचार है डिस्ट्रीब्यूटेड एकॉस्टिक सिस्टम (डीएएस) पर आधारित घुसपैठ पहचान प्रणाली (आईडीएस), जिसे हाथियों के निवास वाले संवेदनशील रेलवे मार्गों पर तैनात किया जा रहा है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अंतर्गत चार खंडों में पायलट परियोजनाएं सफलतापूर्वक शुरू की जा चुकी हैं, जिनमें असम के 64.03 किमी हाथी गलियारे और 141 किमी रेलवे ब्लॉक खंड शामिल हैं। अब इस प्रणाली को उत्तर बंगाल के संवेदनशील रेलवे खंडों और पूर्वी तट रेलवे के अंतर्गत ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी लागू किया जा रहा है।

एक और आशाजनक पहल तमिलनाडु के मदुक्कराई में स्थापित एआई-आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली है, जो थर्मल और मोशन-सेंसिंग तकनीक से लैस 12 टावर-माउंटेड कैमरों के नेटवर्क का उपयोग करती है। यह प्रणाली रेलवे ट्रैक के 100 मीटर के दायरे में हाथियों की गतिविधि का पता लगाती है और स्वचालित रूप से वन और रेलवे अधिकारियों को सतर्क करती है, जिससे ट्रेनों को धीमा करने और हाथियों को सुरक्षित रूप से पार करने में सहायता मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *