पंजाब नेशनल बैंक के स्थापना दिवस पर विशेष रक्तदान शिविर
शिमला। शिमला में सेव लाईफ मिशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में समाजसेवा और जागरूकता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। संस्था के संस्थापक पुनित सूद ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष 1982 से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है और लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था ने अपना पहला रक्तदान शिविर 1982 में लगाया था और तब से लेकर आज तक यह अभियान निरंतर जारी है। खास बात यह है कि पिछले लगभग 20 वर्षों से पंजाब नेशनल बैंक का इस अभियान में सहयोग मिलता रहा है। संस्था द्वारा लघु नाटकों के माध्यम से भी लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश फैल रहा है।
पंजाब नेशनल बैंक के आंचल प्रबंधक शिमला राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक का 132वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। 12 अप्रैल को रविवार होने के चलते आज ही रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 12 अप्रैल को स्थापना दिवस मनाया जाता है और इस अवसर पर सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है”, इसलिए सभी को बढ़-चढ़कर इसमें भाग लेना चाहिए और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।