नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस वॉर रूम सक्रिय, हरिकृष्ण हिमराल ने तय की रणनीति

शिमला। नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बनाए गए चार नगर निगम चुनावों के वॉर रूम के प्रभारी हरिकृष्ण हिमराल ने शुक्रवार को वॉर रूम के सदस्यों की बैठक लेकर कार्यप्रणाली को अंतिम रूप दिया।
बैठक में हिमराल ने कहा कि वॉर रूम का मुख्य कार्य चुनावी मैदान में डटे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को समय-समय पर आवश्यक अपडेट उपलब्ध करवाना, चुनाव प्रचार से संबंधित दैनिक रिपोर्ट लेना तथा पीसीसी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को फील्ड तक पहुंचाना रहेगा।
उन्होंने सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि जिन नगर निगमों का दायित्व उन्हें सौंपा गया है, वहां के जिला कांग्रेस अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें तथा चुनावी गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाएं।
हिमराल ने कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी या कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ यदि कोई झूठी जानकारी या दुष्प्रचार फैलाया जाता है, तो वॉर रूम उस पर कड़ी नजर रखेगा और संबंधित प्रकोष्ठ तथा लीगल सेल को इसकी सूचना देगा, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि वॉर रूम 24 घंटे चुनावी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए पीसीसी के निर्देशों को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का कार्य करेगा। इसके साथ ही चार नगर निगमों के अलावा नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।
हिमराल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनावों का विशेष महत्व होता है और वॉर रूम की जिम्मेदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी सदस्यों को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभाना होगा।


उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठनों के अध्यक्षों से भी आग्रह किया कि वे शीघ्र अपने-अपने पदाधिकारियों को नगर निगम चुनावों की जिम्मेदारियां सौंपें तथा उसकी प्रति कांग्रेस वॉर रूम शिमला को उपलब्ध करवाएं।
बैठक में अमित नंदा, विनीत गौतम, यशपाल तनाइक, रिपना कलसाइक, कैप्टन एस.के. सहगल, नीरज बख्शी, ऊषा मेहता, संजीता चौहान, रीना कुमारी, अंकिता वर्मा, नरेश वर्मा, यशवीर सिंह राठौर, दीपक सुमफा, अद्वितीय ढिंढोरा, अक्षित नंदा और पारुल राठौर सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *