चंबा -चंबा जिले के ककीर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। जानकारी के अनुसार आज दिनांक 11 मई 2026 को प्रातः लगभग 3:00 बजे से 4:00 बजे के बीच भारी वर्षा और तेज आंधी के चलते वाहन संख्या HP01M-2961, जो डलहौजी से मनाली की ओर जा रहा था, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा भी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की। खराब मौसम और अंधेरे के बावजूद पुलिस व स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई हैः
ललित भाई फटनानी
ममता बेन पत्नी ललित भाई
काजल पत्नी प्रियंक कनहिया
दियांश पुत्र प्रियंक कनहिया
प्रियंक कनहिया लाल
जसवंत पुत्र हरी सिंह निवासी गांव कोहरा, डाकघर संथाल, तहसील जोगिंद्र नगर, जिला मंडी, आयु 51 वर्ष।
पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर खराब मौसम और तेज बारिश को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। इलाके में शोक की लहर है।