ततापानी स्कूल ने रचा कीर्तिमान, 10वीं का परिणाम रहा 100 प्रतिशत, दीपिका ने प्रदेश में हासिल किया 5वां स्थान

 

करसोग/ततापानी। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ततापानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की छात्रा दीपिका ने 700 में से 695 अंक प्राप्त कर 99.28 प्रतिशत अंक हासिल किए तथा पूरे हिमाचल प्रदेश में 5वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इसके अलावा विद्यालय की छात्रा पल्लवी वर्मा ने 663 अंक (94.71 प्रतिशत) प्राप्त कर विद्यालय में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि यमन शर्मा ने 615 अंक (87.85 प्रतिशत) लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं नेहा ने 608 अंक (86.85 प्रतिशत) प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

विद्यालय की प्रधानाचार्या राकेश कुमारी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शुभाशीष दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का 100 प्रतिशत परिणाम विद्यालय के अध्यापकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की मेहनत का परिणाम है। इस उपलब्धि पर उन्होंने सभी अध्यापकों एवं अध्यापिकाओं को बधाई दी।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *