
टोंरु । ग्राम पंचायत टोंरु डांडा आंज में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रबुद्ध समाजसेवी जी एस तोमर ने पंचायत प्रधान पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पंचायत क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में पंचायत के वरिष्ठ नागरिक, युवा, महिलाएं तथा स्थानीय लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे और उन्होंने जी एस तोमर के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत को पहली बार ऐसा उम्मीदवार मिला है, जो उच्च शिक्षित होने के साथ-साथ समाज और क्षेत्र की समस्याओं की गहरी समझ रखता है। पत्रकारिता के लंबे अनुभव, साफ-सुथरी छवि और जनसेवा के प्रति समर्पित सोच के कारण लोगों में उनके प्रति विशेष विश्वास और उत्साह दिखाई दे रहा है।
नामांकन के दौरान समर्थकों मे जी एस तोमर के प्रति भरी उत्साह देखने को मिला । युवाओं ने इसे पंचायत की राजनीति में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि यदि पंचायत को शिक्षित और दूरदर्शी नेतृत्व मिलता है, तो क्षेत्र के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और पंचायत में पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। पूरे क्षेत्र में इस नामांकन को लेकर खुशी और उत्साह की लहर देखी जा रही है।