शिमला में सैहब सोसाइटी कर्मचारियों का नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन, 41 सफाई कर्मियों की बहाली की मांग, 5 जून से हड़ताल की चेतावनी

शिमला । शिमला नगर निगम के तहत सैहब सोसाइटी के सफाई कर्मी एक बार फिर सड़कों पर हैं। नौकरी से निकाले गए 41 कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। सोसाइटी ने नगर निगम पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि 4 जून की एजीएम में मांगे नहीं मानी गईं तो 5 जून से फिर हड़ताल करेंगे। इसके बाद सफाई कर्मचारी नगर निगम हाउस में नारेबाजी करते हुए सदन में भी घुस गए।

सीटू के बैनर तले आज सैकड़ों सेहब सफाई कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर हाथों में तख्तियां लेकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और 41 निकाले गए साथी कर्मचारियों की बहाली की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मेयर ने बहाली का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ दिन बाद भी आदेश जारी नहीं हुए।प्रदर्शन के बाद गुस्साए सफाई कर्मचारी नगर निगम हाउस पहुंचे और नारेबाजी करते हुए सदन में घुसने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर के लिए हाउस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी ’41 कर्मियों को बहाल करो’ के नारे लगाते रहे।

सैहब सोसाइटी कर्मचारियों का कहना है कि निकाले गए कर्मचारी वर्षों से शहर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे थे। अचानक नौकरी से हटाने से उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सोसाइटी ने चेतावनी दी है कि अगर 4 जून की एजीएम में फैसला नहीं हुआ तो शहर में फिर से कूड़ा उठाना बंद कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *