
शिमला। जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने अपने नए दायित्व के बाद प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा ठियोग के विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं ने हरिकृष्ण हिमराल को जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कांग्रेस की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में नई ऊर्जा मिलेगी।
हरिकृष्ण हिमराल ने वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष की इन मुलाकातों को संगठनात्मक समन्वय और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।