मोहाली से ऑपरेट हो रहा चिट्टा नेटवर्क पुलिस ने किया ध्वस्त,पंजाब से दबोचा मुख्य सरगना

​शिमला: नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाये गए अभियान के तहत काम कर रही शिमला पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई चेन को डिस्मेंटल कर दिया है। पुलिस थाना ठियोग की टीम ने फागू क्षेत्र में गश्त के दौरान 21 जून को एक संदिग्ध वाहन से 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर 22 वर्षीय साहिल वर्मा को गिरफ्तार किया था।
ASP मेहर पंवर ने बताया कि जब आरोपी साहिल वर्मा को पुलिस रिमांड के दौरान जब पुलिस ने तकनीकी जांच कर व्हाट्सएप और मोबाइल एनालिसिस जैसे डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला, तो नशे के इस काले कारोबार के तार सीधे पंजाब से जुड़े मिले।
​इस इनपुट के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 जून की मध्यरात्रि को मोहाली (पंजाब) में दबिश दी और मुख्य सरगना शिव चरण महतो को दबोच लिया। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मोहाली का यह सप्लायर ऊपरी शिमला क्षेत्र के करीब 50 लोगों को नियमित रूप से हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है, ताकि इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों को भी बेनकाब कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।