फल मंडी में सेब सीजन की धमाकेदार शुरुआत, टाइड मैन और नाशपाती के दामों ने बागवानों के खिलाए चेहरे

शिमला। हिमाचल के बागवानों के लिए राहत भरी खबर है। शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में सेब सीजन की शुरुआत ही शानदार रही है। टाइटमेन, नाशपाती और स्टोन फ्रूट को उम्मीद से बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिससे बागवानों के चेहरों पर खुशी साफ़ दिखाई दे रही है। भट्टाकुफर फल मंडी आढ़ती यूनियन के प्रधान ज्ञान ठाकुर ने बताया कि अर्ली वैरायटी का सेब मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है। ढली मंडी में टाइड मैन अर्ली वैरायटी के सेब को 1,500 से 2,300 रुपये प्रति बॉक्स का भाव मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में ही अच्छे दाम मिलने से बागवानों में उत्साह है और आने वाले दिनों में बेहतर कीमतों की उम्मीद बढ़ी है।

ज्ञान ठाकुर के का कहना है कि नाशपाती भी इस समय अच्छे दामों पर बिक रही है। भट्टाकुफर मंडी में नाशपाती का भाव 1,000 से 1,600 रुपये प्रति हाफ बॉक्स, यानी 2,000 से 3,200 रुपये प्रति पूरा बॉक्स तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि स्टोन फ्रूट की आवक भी लगातार बढ़ रही है और बागवानों को उम्मीद से बेहतर कीमतें मिल रही हैं। खुमानी 200 से 350 रुपये प्रति दो किलो बॉक्स बिक रही है। वहीं फैंटा रोजा प्लम 150 से 250 रुपये और ब्लैक अंबर प्लम 100 से 200 रुपये प्रति दो किलो के भाव पर बिक रहा है। चेरी का सीजन अंतिम चरण में है, लेकिन अभी भी मंडी में 300 से 500 रुपये प्रति किलो तक कीमत मिल रही है। ज्ञान ठाकुर ने उम्मीद जताई कि व्यापारियों की संख्या बढ़ने के साथ फलों के दामों में और सुधार होगा।