शिमला में कांग्रेस की बैठक में विक्रमादित्य सिंह का भाजपा पर हमला, बोले- 2027 चुनाव की तैयारी शुरू

 

शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शिमला में कांग्रेस की आम बैठक में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बैठक में पार्टी को और अधिक मजबूती देने के लिए चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है। किन्नौर कांग्रेस में मंत्री जगत सिंह नेगी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के बीच कथित खींचतान के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी वरिष्ठ नेता हैं और उनका सभी सम्मान करते हैं। वहीं निगम भंडारी को उन्होंने मंझा हुआ खिलाड़ी बताते हुए कहा कि किन्नौर कांग्रेस का गढ़ है और वहां पार्टी पूरी तरह मजबूत है।

राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन खरीद और चंदा गड़बड़ी के मामले पर भी विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम भक्तों के साथ खिलवाड़ किया है और इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मामले में CBI जांच की बात कर रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जमीन खरीद में गड़बड़ी और चंदा चोरी जैसी घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की और उन्हें भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भगवान राम को नहीं छोड़ा, वे जनता को क्या छोड़ेंगे।