सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली क्षेत्र के एक गांव में तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ घर के बाथरूम में घुस गया। तेंदुए की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन घर की एक महिला ने अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे बाथरूम में ही बाहर से बंद कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह परिवार की एक महिला बाथरूम की ओर गईं। जैसे ही उन्होंने दरवाजे के पास पहुंचकर अंदर से गुर्राने की आवाज सुनी, उन्होंने बिना घबराए तुरंत बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर कुंडी लगा दी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई। जब सभी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि बाथरूम के अंदर तेंदुआ मौजूद है। महिला की तत्परता से तेंदुआ बाहर नहीं निकल सका और संभावित हमला टल गया।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। रेंज अधिकारी परवाणू बीडी चौहान ने बताया कि टूटीकंडी से डॉ. वनीता शर्मा के नेतृत्व में विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई। टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से तेंदुए को सुरक्षित रूप से बेहोश किया और उसे रेस्क्यू कर शिमला ले गई।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर खुद कोई जोखिम न उठाएं और तुरंत विभाग को सूचना दें।