रिकांगपिओ। दि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की छठी बैठक सोमवार को किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित स्नोव्यू होटल में संगठन के प्रधान गोपाल कंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इसे अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत में उपाध्यक्ष एन.एल. नेगी के नेतृत्व में किन्नौर इकाई ने प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों का हिमाचली टोपी एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में गोपाल कंवर ने किन्नौर इकाई द्वारा किए गए उत्कृष्ट आतिथ्य प्रबंधन की सराहना की।
बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा बैंक प्रबंधन और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए सार्थक प्रयास करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक के.एस. कश्यप तथा सलाहकार विरेन्द्र खुराना ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और संगठन को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में सह सचिव एन.आर. मेहता, कोषाध्यक्ष हेमंत कौशिक, सह कोषाध्यक्ष मोहन चौहान, मंडी इकाई के प्रधान एस.एस. गुलेरिया, किन्नौर इकाई के प्रधान सर्वग्याल छन्न, जिला सचिव वाई.एस. नेगी, शिमला जिला सचिव विजयपाल राय, बिलासपुर जिला सचिव प्रेम सिंह ठाकुर सहित राजेन्द्र सिंह ठाकुर, विजय गौतम, भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, हीरा लाल ठाकुर, हरिबल, मामचंद भारद्वाज, गिरधारी लाल वर्मा, लक्ष्मण सिंह, रामरतन नेगी, दोर्जे दमदुल, दुर्गा सिंह नेगी, विद्यापाल नेगी तथा विशेष आमंत्रित सदस्य चंद्र चीला नेगी सहित कुल 27 सदस्य उपस्थित रहे।