अटल टनल से भेड़ों के आवागमन की अनुमति की मांग, गद्दी समुदाय ने प्रधानमंत्री से लगाई गुहार

लाहौल स्पीति. हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक गद्दी समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि उन्हें अपनी भेड़ों एवं अन्य पशुधन को अटल टनल के माध्यम से ले जाने की अनुमति प्रदान की जाए। गद्दी समुदाय का कहना है कि सदियों से वे मौसमी प्रवास (ट्रांसह्यूमन्स) की परंपरा का निर्वहन करते आ रहे हैं और अटल टनल से आवागमन की सुविधा मिलने से उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और समय की बचत करने वाली होगी।

समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें अपने पशुधन के साथ लंबी और कठिन पहाड़ी राहों से गुजरना पड़ता है, जिससे न केवल समय अधिक लगता है, बल्कि पशुओं और चरवाहों को भी कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि अटल टनल का उपयोग करने की अनुमति मिलने से उनकी पारंपरिक आजीविका को मजबूती मिलेगी और बदलते मौसम की चुनौतियों से निपटने में भी सहायता मिलेगी।
गद्दी समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि अटल टनल प्रदेश के विकास का प्रतीक है और इसका लाभ प्रदेश के पारंपरिक समुदायों तक भी पहुंचना चाहिए।