ऊना. सहायक आयुक्त विनय मोदी ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 31 अगस्त, 2026 तक चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर हासिल करें।
वीरवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीकाकरण अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस टीकाकरण के महत्व से अवगत कराया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में ‘मिशन 4500’ के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत अब तक 1097 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 25 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि अभियान को और गति देने के लिए शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, आईसीडीएस, सामाजिक संस्थाओं तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र बालिका तक समयबद्ध ढंग से पहुंच सुनिश्चित करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर लक्ष्य हासिल किया जा सके।
*अभिभावकों को जागरूक करने पर दिया विशेष बल*
सहायक आयुक्त ने कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है तथा सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें तथा अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए लोगों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों में टीकाकरण शिविर आयोजित करने से पूर्व स्कूलों के नोडल अधिकारियों, संबंधित क्षेत्र के प्रधान एवं उप-प्रधानों के साथ बैठकें आयोजित करें। इन बैठकों में विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अभिभावकों की काउंसलिंग की जाए, ताकि उनकी सभी शंकाओं का समाधान हो सके और कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
सहायक आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों, रोटरी क्लब ऊना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक की गई गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा कालिया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम लाल धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) हरीश मिश्रा, रोटरी क्लब से अजय शर्मा, माउंट कार्मल स्कूल की नर्सिंग अधिकारी ऋतिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।