
शिमला…पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम के दौरान वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को भारी आर्थिक संकट में धकेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू सरकार ने कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आजादी के बाद से 2022 तक सत्ता में रही राज्य की सभी सरकारों ने कुल 69,500 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जबकि व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली मौजूदा सरकार ने अकेले अपने चार साल के कार्यकाल में ही 45,000 करोड़ रुपये का ऋण ले लिया है। यदि यह सरकार एक साल और सत्ता में रही, तो यह आंकड़ा 60,000 करोड़ रुपये को पार कर जाएगा। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब पूरे प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए लगभग दो हजार संस्थानों को बंद कर दिया गया है, तो आखिर इतना भारी-भरकम कर्ज का पैसा जा कहां रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक दल की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जनविरोधी फैसलों के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से लड़ाई लड़ी है, जिसके दबाव में सरकार को कई बार अपने फैसले वापस लेने पड़े हैं। भाजपा में गुटबाजी के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और संगठन ही भूमिकाएं तय करता है। इसके विपरीत कांग्रेस में अनगिनत गुट हैं, जिसका नतीजा हालिया निकाय और पंचायती राज चुनावों में दिखा, जहां जनता ने भाजपा के 70 प्रतिशत से अधिक जनप्रतिनिधियों को जिताया। कांग्रेस केवल चार में से एक नगर निगम और 12 में से मात्र एक जिला परिषद (चंबा) ही जीत पाई। जनता के इस मोहभंग के कारण 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का पूरा विधायक दल एक आल्टो कार में समा जाएगा।