सुधीर शर्मा के बयान पर कांग्रेस लीगल सेल का पलटवार, बोले, मुख्यमंत्री पद की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

शिमला ,,,शिमला में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल डिपार्टमेंट के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष तेजस्वी शर्मा ने अपनी प्राथमिकताओं का खाका सामने रखा। उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को मुख्यधारा में लाने, कोर्ट परिसरों में चैंबर की सुविधा, युवा वकीलों के लिए लीगल ट्रेनिंग और नए कानूनों पर नियमित सेमिनार आयोजित करने की बात कही। वहीं भाजपा नेता सुधीर शर्मा की ओर से मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री पद को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर तेजस्वी शर्मा ने जोरदार पलटवार किया।

भाजपा के प्रदर्शन और भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के बयान पर तेजस्वी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन मुख्यमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी व्यक्तिगत या ‘बिलो द बेल्ट’ हमले की राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन ऐसी टिप्पणियों का विरोध जरूर किया जाएगा।
एफआईआर को लेकर सुधीर शर्मा के आरोपों पर भी तेजस्वी शर्मा ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा कि एफआईआर किसी राजनीतिक बयान के आधार पर नहीं, बल्कि शिकायत, तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दर्ज होती है। उन्होंने सुधीर शर्मा से जांच में सहयोग करने और अपने दस्तावेज जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा। तेजस्वी शर्मा ने कहा कि बेल कानूनी अधिकार है और एफआईआर दर्ज होना अपने आप में किसी व्यक्ति को दोषी साबित नहीं करता। उन्होंने भाजपा से मुद्दों पर बातचीत और राजनीतिक विरोध को मर्यादा के भीतर रखने की हिदायत दे डाली।

तेजस्वी शर्मा ने कहा कि लीगल डिपार्टमेंट को ब्लॉक से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक मजबूत किया जाएगा। अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर अधिवक्ता के लिए कोर्ट परिसर में चैंबर होना जरूरी है और इसके लिए सरकार से जमीन उपलब्ध करवाने में सहयोग मांगा जाएगा। युवा अधिवक्ताओं के लिए लीगल ट्रेनिंग कैंपेन चलाने, नए कानूनों पर नियमित वर्कशॉप और सेमिनार आयोजित करने तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में मेंटरशिप कार्यक्रम शुरू करने की बात भी उन्होंने कही। आरटीआई, मानवाधिकार, संविधान और आपराधिक कानूनों में हुए बदलावों को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।