अलसिंडी में चला ‘भांग उखाड़ो अभियान’, युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

अलसिंडी/करसोग। लक्ष्मी युवक मंडल अलसिंडी ने गुरुवार को वन विभाग के सहयोग से ग्राम अलसिंडी में “भांग उखाड़ो अभियान” चलाकर नशे के खिलाफ एक प्रभावी जनजागरूकता अभियान संचालित किया। अभियान में वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड जगदीश शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से गांव के विभिन्न क्षेत्रों में उगी भांग को उखाड़कर नष्ट किया गया।
युवक मंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा गांव को नशामुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने का संदेश देना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ सभी मिलकर आगे आएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।


अभियान में लक्ष्मी युवक मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह, सचिव भारत भूषण, सोम कृष्ण, शरद गुप्ता, शुभम गुप्ता, रणजीत, भुवन वर्मा, दीपक कुमार, महेश ठाकुर, टेक चंद तथा पुकार सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में लक्ष्मी युवक मंडल अलसिंडी ने वन विभाग एवं फॉरेस्ट गार्ड जगदीश शर्मा का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मंडल ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।