हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसा: चंबा के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 7 की मौत, 11 घायल

चंबा:  हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के समीप यात्रियों से भरी एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे का घटनाक्रम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘शर्मा बस’ सेवा की यह निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। जब बस चालुज मोड़ के पास पहुंची, तो वह अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी अफरातफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य
दुर्घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से कई घायलों को समय रहते बस से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आई। सभी 11 घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में चालक-परिचालक सहित 7 की मौत

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में बस के चालक और परिचालक (कंडक्टर) भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

जगदेव (पुत्र धर्म सिंह), गांव बाहला देवीकोठी

हरदेई (पत्नी जगदेव), गांव बाहला देवीकोठी

देसराज (पुत्र त्रिलोचन), गांव बाहला देवीकोठी

रूप सिंह (चालक – पुत्र राधाराम), गांव चिल्ली थल्ली

तेज सिंह (परिचालक – पुत्र प्यारे लाल), गांव सत्यास तरेला

निलमा (पत्नी मोतीराम), गांव चिल्ली देवीकोठी

जगदेई (पत्नी हरिलाल), गांव बाहला देवीकोठी