
करसोग…राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा आज करसोग महाविद्यालय तथा विभिन्न स्कूलों के आसपास स्थित दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने तंबाकू नियंत्रण कानून, प्लास्टिक निषेध कानून तथा नशीले पदार्थों की रोकथाम से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षण संस्थानों के आसपास प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों एवं प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना तथा नशीले पदार्थों, विशेषकर चिट्टा जैसे खतरनाक मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त वातावरण उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड की अगुवाई खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने की। टीम में पुलिस विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा करीब 20 दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन दुकानदारों के चालान किए गए, जबकि एक दुकान का तम्बाखू बेचने से संबंधित लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस प्रकार के निरीक्षण एवं कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी तथा विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों और नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर कड़ी निगरानी की जा रही है।
उन्होंने दुकानदारों से भी आग्रह किया कि वे सभी संबंधित कानूनों एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और युवाओं को नशे से दूर रखने के इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें।