करसोग…एसडीएम एवं सचिव नगर पंचायत करसोग अलीशा चैहान ने बताया कि जनहित के दृष्टिगत नगर पंचायत करसोग परिवार रजिस्टर में दर्ज होने से छूटे हुए परिवारों, परिवार के सदस्यों के पंजीकरण हेतु एक विशेष परिवार रजिस्टर शिविर का आयोजन 21 अगस्त, 2026 को नगर पंचायत करसोग कार्यालय के सभागार में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आने वाले ऐसे परिवार या परिवार के सदस्य, जिनका नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज होने से छूट गया है, वे इस विशेष शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करवा सकते है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए आवेदक के पास आवश्यक दस्तावेज, जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड आदि का होना आवश्यक है, तभी वे परिवार रजिस्टर में अपना नाम या अपने परिवार के सदस्य के नाम का पंजीकरण करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी संबंधित नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस शिविर का लाभ उठाए और निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर परिवार रजिस्टर में अपना या अपने परिवार के सदस्य का नाम दर्ज करवाना सुनिश्चित करे।