मशोबरा में SSB ने रोपे 500 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शिमला: राजधानी शिमला के कुसुम्पटी स्थित दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सोमवार को मशोबरा वन परिक्षेत्र की सिपुर बीट के अंतर्गत घड़शी एवं नया गांव के आसपास के जंगलों में 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

पौधरोपण अभियान में प्रशिक्षण केंद्र के करीब 30 जवानों एवं प्रशिक्षुओं ने वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से भाग लिया। पौधरोपण दल ने निरीक्षक सामान्य राजेश कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र के कार्यवाहक कमान अधिकारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में SSB की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पौधरोपण से जहां प्रकृति हरी-भरी रहती है, वहीं पेड़-पौधे भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के दौरान होने वाले मृदा अपरदन को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल की ओर से वन विभाग के सहयोग से पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने और इसके संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य आरक्षी सामान्य राजेंद्र पाटिल, नायक सामान्य लक्ष्मी सिंह, सामान्य आरक्षी यशपाल, आरक्षी संजय कुमार, आरक्षी सौरभ, आरक्षी नवीन कुमार, आरक्षी धनंजय तथा फॉरेस्ट गार्ड सुनील दत्त सहित अन्य जवान एवं वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।