हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण समाज को बांटने वाली सोच,हिमाचल में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार, लोकसभा में चर्चा न होना केंद्र सरकार की नाकामी-नरेश चौहान

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश में इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच समाज को बांटने वाली रही है और ऐसी घटनाओं की सभी को आलोचना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इसकी हर स्तर पर निंदा होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे पर बोलते हुए नरेश चौहान ने कहा कि आने वाला समय चुनावों का है और इस दौरान हिमाचल प्रदेश के हितों तथा राज्य सरकार की गतिविधियों की जानकारी पार्टी हाईकमान को दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में जो बड़े फैसले लिए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाने का काम किया जाएगा और इस पर प्रभावी ढंग से अमल होगा। मंत्रिमंडल में रिक्त पदों को भरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही इस बारे में अपनी बात रख चुके हैं और पार्टी हाईकमान तथा मुख्यमंत्री के बीच चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर नरेश चौहान ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश में इस मामले को लेकर जवाब मांगा जा रहा था और प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री को संसद में जवाब देना चाहिए था, लेकिन वे लोकसभा में नहीं आए। चौहान ने आरोप लगाया कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोकसभा का सत्र प्रभावी रूप से नहीं चल सका।