शिमला। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला शिमला तथा नगर निगम, शिमला द्वारा आज आयुष्मान आरोग्य मंदिर (शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र), संजौली के कम्युनिटी हॉल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ शिमला शहरी के माननीय विधायक श्री हरीश जनारथा ने किया।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री हरीश जनारथा ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बेहतर एवं सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। शिविर में नगर निगम के कर्मचारियों ने तथा स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्वास्थ्य कर्मियों की टीम द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा, सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर के दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा विभिन्न बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शिमला, डॉ. यशपाल रांटा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 315 मरीजों की जांच की गई, शिविर में 170 के (Sugar /HB टेस्ट), 70 VDRL-HIV , हैपेटाइटिस टेस्ट तथा 13 मरीजों के हैंडहेल्ड एक्स-रे किए गए। शिविर में 144 आभा कार्ड (ABHA ID भी बनाए उन्होंने बताया कि शिविर में ऑर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग , ENT एवं मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीक ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाएं और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।