शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होगा। सत्र को लेकर आज विधानसभा में अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, ल संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और उप सचेतक केवल सिंह पठानिया मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र को शांति प्रिया ढंग से चलने का दोनों दलों से आग्रह किया गया ।
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मानसून सत्र के दौरान 10 बैठकें रखी गई हैं। उन्होंने पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन को शांतिपूर्ण ढंग से चलाने की अपील की है। दोनों पक्षों को मुद्दे उठाने के लिए पूरा समय दिया जाएगा और जनता से जुड़े मुद्दे सदन में उठें, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती से सदन में उठाएगा। प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं और मुख्यमंत्री सदन में लगातार झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं। सरकार सदन में जानकारी नहीं देती, जबकि वही जानकारी RTI से मिल जाती है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और RTI एक्ट के खिलाफ है। बदले की भावना से भाजपा के विधायकों पर मामले दर्ज कर नई व्यवस्था मुख्यमंत्री ने शुरू की है जो आज तक हिमाचल के इतिहास में नहीं हुआ।विपक्ष सदन में प्रदेश हित के सभी मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगा।
वहीं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष की ओर से कुछ सुझाव आए हैं, जिन पर सरकार अमल करेगी। उन्होंने कहा कि सदन के भीतर विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों का सत्ता पक्ष तथ्यों के साथ जवाब देगा। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जानकारी छिपा रही है, यह निराधार और राजनीतिक है। जो भी जानकारी मांगी जाती है, उसे सदन में पूरा विवरण के साथ रखा जाता है। सरकार चाहती है कि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दे उठाए, न कि सिर्फ सुर्खियों के लिए वॉकआउट तक सीमित रहे।