शिमला.. हिमाचल प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ गई है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा ने आज गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन की तैयारियों, पार्टी के आंतरिक अनुशासन और विपक्ष (भाजपा) के आरोपों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने जहां एक ओर पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए वरिष्ठ नेताओं को नोटिस जारी करने की बात कही, वहीं भाजपा पर पलटवार करते हुए उनके दोहरे चरित्र और झूठे प्रचार पर तीखे सवाल उठाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह प्रदेश में निस्वार्थ भावना से काम कर रही है।
कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा ने पार्टी में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि पार्टी लाइन से बाहर जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में ठियोग से विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पर टिप्पणी करने पर केहर सिंह खाची को कल कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिंटा ने बताया कि उन्हें एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है कि आखिर उन्होंने वे विवादित बयान क्यों दिए। तय समय में जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा, एक अन्य कथित बयान के सवाल पर जिंटा ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उनके संज्ञान में ऐसी कोई बात नहीं है, लेकिन अगर ऐसा कुछ है तो उसका भी पता लगाया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आगामी 2027 के चुनावों को लेकर पार्टी अभी से सक्रिय हो गई है। इसी को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण रिव्यू (समीक्षा) बैठक की गई। इस बैठक में जमीनी स्तर पर चल रही गतिविधियों, ब्लॉक कमेटियों को दिए गए टारगेट्स की प्रगति और जनता के बीच पार्टी के प्रति रुझान की गहन समीक्षा की गई।
भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार पर बदले की भावना से मुकदमे दर्ज करने के आरोपों का जिंटा ने कड़ा खंडन किया। उन्होंने कहा कि कोई भी देश या प्रदेश सहमति और कानून से चलता है। पुलिस या विजिलेंस किसी भी आम आदमी पर बेवजह एफआईआर दर्ज नहीं करती। जब कोई कानून तोड़ता है, संपत्तियों में गड़बड़ी करता है या कोई पुख्ता शिकायत आती है, तभी कानूनी कार्रवाई होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार निष्पक्ष होकर काम कर रही है— निर्दोषों का पूरा मान-सम्मान रखा जा रहा है, लेकिन जो गलत काम करेगा उस पर एफआईआर और कानूनी कार्रवाई होना जायज है
जिंटा ने भाजपा पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए सीधा सवाल दागा। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम केवल कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाना रह गया है। उन्होंने पूछा कि भाजपा के अपने कई पदाधिकारियों और नेताओं पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन भाजपा उस पर क्यों चुप बैठी है? उन मामलों पर भाजपा मीडिया के सामने आकर सफाई क्यों नहीं देती? जिंटा ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस सरकार निस्वार्थ भावना से प्रदेशवासियों की सेवा कर रही है और प्रदेश के हितों व अधिकारों की लड़ाई पूरी निष्पक्षता के साथ लड़ रही है।