महोग में मेडिसिन और गायनी संबंधी रोग के उपचार के लिए विशेषज्ञ कैंप लगाया गया,,,कैंप में 165 मरीजों का किया गया उपचार

 

करसोग। करसोग उपमंडल की दूर दराज की ग्राम पंचायत महोग में आज मेडिसिन और गायनी स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स द्वारा हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। कैंप में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ लोकेश गुलरिया और गायनी विशेषज्ञ डॉ अनुराधा ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इसके अतिरिक्त, पी एच सी महोग से डॉ दीक्षा और उनकी टीम, अशला से लैब टेक्निशन व सी एच ओ रंभा और स्थानीय आशा ने भाग लिया।
कैंप में शुगर और बीपी की जांच के अतिरिक्त 33 लोगों की ईसीजी और 32 लोगों के लैब टेस्ट भी किए गए। इस स्पेशलिस्टी कैंप का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को घर द्वार पर स्वास्थ्य संबंधी सुविधा उपलब्ध करवाना था जिन्हें किसी कारणवश नागरिक चिकित्सालय करसोग लाना मुश्किल है।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ गोपाल चौहान ने बताया कि यह कैंप स्थानीय लोगों खासतौर पर लंबे समय से बीमार बुजुर्गों और महिलाओं को स्पेस्लिस्ट सुविधाएं प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया है ताकि दूर दराज क्षेत्र में भी विशेषज्ञ की सेवाएं प्रदान की जा सकें।
उन्होंने इस कैंप के सफल आयोजन के लिए स्थानीय जिला परिषद सदस्य नोमलता, बीडीसी चेयरमैन इशरा मेहता, प्रधान रूप लाल का आभार व्यक्त किया है।

बेलूधार गांव में की गंभीर संक्रामक रोगों की पड़ताल

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा
करसोग के दूर दराज के गांव बेलूधार में संक्रामक रोगों की सामान्य रूटीन जांच के लिए टीम भेजी गई। टीम ने गांव में घर घर जाकर लोगों से वार्ता कर संक्रामक रोगों के संबंध में जानकारी हासिल की और लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। टीम का नेतृत्व स्वास्थ्य सुपरवाइजर नानक चंद ने किया। उनके साथ महिला सुपरवाइजर शांति वर्मा, प्रेम सिंह डाटा स्पेशलिस्ट और स्थानीय आशा मौजूद रही। इस जांच का उद्देश्य दूर दराज गांव के लोगों में संक्रामक रोगों की जांच करना है जो बिना इलाज के गंभीर रोगों का रूप ले लेते हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ गोपाल चौहान ने बताया कि आज की इस जांच में कोई भी किसी प्रकार का गंभीर मामला नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसी जांच जारी रहेगी ताकि लोगों को संक्रामक रोगों से बचाया जा सके।