राजेंद्र राणा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सुमन भारती का तीखा पलटवार, बोले भाजपा को हजम नहीं हो रहा प्रदेश का विकास

 

 

हमीरपुर,हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हमीरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हो रहा विकास भाजपा को हजम नहीं हो रहा है। हमीरपुर हो या प्रदेश का कोई भी जिला, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में एक समान विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा को यह रास नहीं आ रहा।सुमन भारती शर्मा ने कहा कि भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री का फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कार्यालय बनाए जाने को लेकर भाजपा सवाल उठा रही है, लेकिन राजेंद्र राणा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या मुख्यमंत्री अपने लिए कार्यालय बना रहे हैं या कांग्रेस पार्टी का कार्यालय बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई आलीशान बंगला नहीं, बल्कि संगठनात्मक कार्यों और जनसेवा के लिए कार्यालय है। सचिवालय में लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ऐसे कार्यालय की आवश्यकता है।

 

वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा के जिला स्तर पर बनाए गए कार्यालयों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के संबोधन में जिला कार्यालयों को लेकर चर्चा की गई थी। भाजपा नेताओं को जनता को यह बताना चाहिए कि देशभर में बनाए गए इन कार्यालयों के निर्माण के लिए धन कहां से आया।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा द्वारा हर जिला में कार्यालय खोले गए हैं और 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की गई है। ऐसे में भाजपा के प्रवक्ताओं को इसका जवाब देना चाहिए कि इन कार्यालयों के निर्माण के लिए पैसा कहां से आया। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर ऐसा कौन-सा वृक्ष है, जिससे भाजपा के पास इतना पैसा आ रहा है।सुमन भारती शर्मा ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और जांच एजेंसियां भी उसके अधीन हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस भी एजेंसी से जांच करवाना चाहती है, करवा सकती है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की छवि बिल्कुल साफ है और प्रदेश को एक ईमानदार मुख्यमंत्री मिला है।उन्होंने कहा कि ED, CBI, विजिलेंस या किसी भी अन्य एजेंसी से जांच करवाने में सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश को लूटने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता बिना तथ्यों के मीडिया के सामने आरोप लगा रहे हैं, जबकि वह तथ्यों के साथ जवाब दे रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राजेंद्र राणा बार-बार मुख्यमंत्री के खिलाफ झूठे आरोप लगाएंगे, तो उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी।सुमन भारती शर्मा ने कहा कि भाजपा नेताओं को बयानबाजी करने के बजाय अपने आरोपों के तथ्य सामने रखने चाहिए। उन्होंने दोहराया कि भाजपा को अपने जिला कार्यालयों के निर्माण में खर्च हुए धन का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।