शिमला। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज ग्राम पंचायत धमानदरी के बतीउड़ा में पंचायत प्रतिनिधियों एवं मेला समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पारंपरिक दो दिवसीय रिहाली (बिशु) मेले के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर तथा स्थानीय लोगों ने मेला मैदान में मुख्यातिथि का जोरदार स्वागत किया।
दो दिवसीय रिहाली (बिशु) मेले में ठोडा दल तुहनाल बलसन तथा ठोडा दल छिब्बर के बीच ठोडा खेल का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों, युवक मंडलों एवं महिला मंडलों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पारंपरिक मेले हमारे जीवन में सामाजिक मेल-जोल के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार स्थानीय लोगों के आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामुदायिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने बिशु मेले के आयोजन के लिए पंचायत प्रतिनिधियों एवं मेला समिति के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला क्षेत्रवासियों की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।
मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले ठोडा खेल लुप्त होने के कगार पर था, लेकिन क्षेत्र के लोगों ने इसे पुनर्जीवित कर अपनी समृद्ध संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
ठियोग-कसुम्पटी में समान विकास पर जोर
ठियोग एवं कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्रों के विकास की चर्चा करते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ दोनों विधानसभा क्षेत्रों में समान एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों पंचायत क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके माध्यम से कच्ची सड़कों को पक्का करना, सभी गांवों को सड़क एवं पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाना, कम वोल्टेज की समस्या का समाधान करना तथा पंचायत क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों को गति देना सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तक कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में 130 सड़कों के एफआरए एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। इनमें से कुछ सड़कों का निर्माण कार्य जारी है, जबकि कुछ सड़कों का निर्माण पूरा कर क्षेत्रवासियों को सड़क सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है।
उन्होंने कहा कि भेखलटी से बतलाड संपर्क सड़क को शीघ्र चौड़ा एवं पक्का किया जाएगा। उन्होंने मुख्य मार्ग से बतीउड़ा संपर्क सड़क को पक्का एवं चौड़ा करने के लिए ग्रामवासियों से भूमि की गिफ्ट डीड शीघ्र उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि सड़क के सुधार कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।
मंत्री ने कहा कि धमानदरी पंचायत भवन के अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा किया जाएगा तथा 31 मार्च 2027 से पहले भवन का शुभारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने महिला मंडल सदस्यों एवं स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने भी की घोषणाएं
स्थानीय ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि यह मेला पहले ठियोग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होता था, लेकिन परिसीमन के बाद इस पंचायत का आधा क्षेत्र कसुम्पटी तथा आधा क्षेत्र ठियोग विधानसभा क्षेत्र में आता है। इसलिए यह मेला दोनों विधानसभा क्षेत्रों का साझा सांस्कृतिक एवं पारंपरिक मेला है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही पंचायत क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों की मांग पर धमानदरी में को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा खोली गई है, जो नियमित रूप से संचालित हो रही है।
विधायक ने रिहाली-बिशु मेला मैदान के विस्तारीकरण के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये तथा मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर सीडीएम ठियोग सुशांत गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ, एपीएमसी बोर्ड के सलाहकार नरेंद्र ठाकुर (नीटू), नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर एवं अंकुश वर्मा, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष कसुम्पटी अशोक ठाकुर, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष ठियोग संजय शर्मा, महासचिव अनीता वर्मा, ठोडा दल बतीउड़ा के प्रधान एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य, श्री देवता चकलेश्वर महाराज के कारदार, बीडीसी सदस्य रमेश चंद, धमानदरी पंचायत प्रधान भूपेंद्र सिंह गुंदेल, उपप्रधान राजेश भोटका, मेला समिति बतीउड़ा के प्रधान हरदेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों से आए खेल प्रेमी, अन्य पंचायतों के प्रतिनिधि, युवक मंडल एवं महिला मंडल सदस्य तथा ठोडा खेल प्रेमी उपस्थित रहे।