बालीचौकी स्कूल में विद्यार्थियों को दी करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी

मण्डी। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालीचौकी, जिला मण्डी में विद्यार्थियों के लिए

करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देने के लिए एक शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न करियर विकल्पों, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें करियर निर्माण से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की।
जिला रोजगार कार्यालय, मण्डी से जिला रोजगार अधिकारी श्री अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों, रोजगार पंजीकरण तथा रोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं कौशल के अनुरूप करियर विकल्प का चयन करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
आरसेटी के डायरेक्टर श्री प्रभात ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वरोजगार की संभावनाओं, कौशल प्रशिक्षण तथा प्रशिक्षण के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं लाभों से अवगत करवाया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अर्निका भंडारी ने विद्यार्थियों को किशोर स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वास्थ्य ( से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने किशोरावस्था के दौरान शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर विकल्पों, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रणवीर सिंह ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।


शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सही समय पर करियर संबंधी जानकारी, कौशल विकास तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।