86 की उम्र में भी सियासी पारी जारी रखने के संकेत! शांडिल बोले- हर काम के लिए तैयार, चुनाव लड़ाने का फैसला आलाकमान करेगा

शिमला। 86 साल की उम्र में भी हिमाचल के वरिष्ठ नेता और मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल की सियासी पारी को लेकर सस्पेंस बरकरार है। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के मौके पर शिमला में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शांडिल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने वृद्ध जनों को दिवस की शुभकामनाएं दीं और खुद को ऊर्जा से भरपूर बताया। राजनीति से रिटायरमेंट के सवाल पर शांडिल ने फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोले। उन्होंने कहा कि वे हर काम के लिए तैयार हैं। ऐसे में 86 साल की उम्र में भी उनकी सक्रिय राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

वहीं, सोलन विधानसभा सीट से अगला चुनाव वह खुद लड़ेंगे या उनके बेटे, इस सवाल पर शांडिल ने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ाने का फैसला पार्टी का आलाकमान करेगा। शांडिल पहले भी कई मौकों पर इशारों में राजनीति से रिटायरमेंट की बात कहते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया।

गौरतलब है कि डॉ. धनीराम शांडिल सोलन विधानसभा सीट से अपने दामाद राजेश कश्यप को चुनाव हराकर विधानसभा पहुंचे हैं। विधानसभा में पहुंचने से पहले वे लोकसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।